न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन

न्यू टिहरी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा न्यू टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने किया।

मंत्री जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आम लोगों में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। प्रदर्शनी में उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े चित्रों को देखा और सराहना की।

सीबीसी की इस प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ को प्रमुखता दी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, ‘वंदे मातरम्’ की विरासत और 1947 के विभाजन की घटनाओं से रूबरू कराना है। प्रदर्शनी में विभाजन से पीड़ित परिवारों ने भी आकर चित्रों को देखा।

कार्यक्रम के दौरान श्री देव सुमन पार्क से तिरंगा रैली निकाली गई। चम्बा ब्लॉक के कई स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में भाग लिया। रैली में अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई गईं। विजेताओं को मंत्री जोशी ने सम्मानित किया। कविता में वीबीएस पब्लिक स्कूल की आकृति प्रथम, चित्रकला में ऑल सेंट कान्वेंट के आरुम हुसैन प्रथम और पोस्टर मेकिंग में ऑल सेंट कान्वेंट की रिद्धिमा प्रथम रहीं।

विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रताप इंटर कॉलेज में सूचना विभाग टिहरी की ओर से विशेष प्रदर्शनी भी लगी। इसमें विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा को तस्वीरों के जरिए दिखाया गया। इस अवसर पर पाकिस्तान से आकर टिहरी में बसे परिवारों के सदस्यों को मंत्री जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम भावुक रहा और नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डीएम टिहरी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चम्बा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में छात्र, नागरिक और अधिकारी उपस्थित थे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments