

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में त्रुटिहीन मतदाता सूची के लिए चल रही एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए, न कि इसमें तुष्टिकरण का भाव देखकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी प्रकरण में कांग्रेस जातीय समीकरण तलाश रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
चौहान ने कहा कि निर्वाचन आयोग को दिए गए शिकायती पत्र में कांग्रेस ने एसआईआर में महज धर्म विशेष के लोगों को प्रताड़ित करने की बात कही है और यह उसके पुराने तुष्टिकरण के स्वभाव से मेल खाता है। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग और जाति के लोग भी इस प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं और उन्हें भी नोटिस मिल रहे हैं अथवा वे नाम काटे जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि बिना सुनवाई के किसी का नाम काटा जाना संभव नहीं है, लेकिन कांग्रेस एक पक्षीय बात कर रही है जिससे साफ है कि उसकी मंशा में खोट है। केवल कुछ विधानसभा क्षेत्रों और वर्ग विशेष की बात कर कांग्रेस अपने इरादों को ही जाहिर कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एसआईआर प्रक्रिया में दर्ज आपत्तियों में शिकायत के बजाय उनके निस्तारण में सहयोग करना चाहिए। त्रुटिहीन मतदाता सूची का निर्माण सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह उन्हें भी मतदाताओं एवं संवैधानिक संस्थाओं की मदद करनी चाहिए। कांग्रेस हमेशा की तरह इस बार भी एसआईआर पर दोहरा रुख अपना रही है। एक तरफ वह त्रुटिहीन मतदाता सूची की वकालत करती है, दूसरी तरफ अनमैप्ड और आपत्तियों पर झूठे आरोप लगाती है। न तो कांग्रेस की मंशा सफल एसआईआर की है और न ही उसके पास प्रक्रिया में शामिल होने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता हैं।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि देश की तरह प्रदेश में भी वोटरों का एक बड़ा तबका अवैध तरीके से मतदाता सूची में प्रवेश कर गया था। अब ऐसे नाम हट रहे हैं या उन पर आपत्तियां लग रही हैं और कांग्रेस को परेशानी हो रही है, जो कहीं न कहीं दर्शाता है कि ये सभी कांग्रेस को अपने समर्थक लगते हैं। यदि आपत्तियों पर उन्हें कोई समस्या है तो उन्हें जमीन पर निस्तारण के लिए उतरना चाहिए। भाजपा की तरह उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं को जागरूक कर, उनके कागजात पूरे करवाकर और अन्य तरीकों से सहयोग कर आपत्तियों का निस्तारण करवाना चाहिए।
हल्द्वानी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातीय कार्ड खेलने की कोशिश कर रही है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैदान में सफाई कार्य करने वाली संस्था पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि उसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है और भाजपा ने भी इसका समर्थन नहीं किया है। हालांकि मैदान में लगने वाले समुदाय विशेष के नारों से व्यथित संस्था ने इसी कारण कुछ सफाई कार्य किया होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म और जातीय कार्ड खेलकर वातावरण को दूषित करने की कोशिश कर रही है और जनता उसकी मंशा को भली-भांति जानती है। भाजपा का मंत्र सबका साथ सबका विकास है और जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कांग्रेस की कोशिश का जनता करारा जवाब देगी।

Recent Comments