

बीसीए कोर्स शुरू, निदेशक प्रो. वीके बंगा के नेतृत्व में बढ़ा छात्रों का भरोसा
पौड़ी। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश का नया इतिहास रच दिया है। इस सत्र में 600 छात्रों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है, जो संस्थान का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
संस्थान के अधिष्ठाता शैक्षिक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि निदेशक प्रो. वीके बंगा के कार्यभार संभालने के बाद से प्रवेश संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले सत्र 2025-26 में 510 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जो इस वर्ष 600 तक पहुंच गया है।
इस सत्र की बड़ी उपलब्धि बीसीए कोर्स की शुरुआत रही। बीसीए की 40 स्वीकृत सीटों में से 37 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। बीटेक प्रथम वर्ष में 452 छात्रों ने दाखिला लिया, जिसमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल और सिविल में 65-65, ईसीई में 64, सीएसई (AI-ML) में 63, मैकेनिकल में 62, बायोटेक में 46 और मैकेनिकल (मैन्युफैक्चरिंग) में 22 छात्र शामिल हैं।
लेटरल एंट्री से 70 छात्रों ने बीटेक में प्रवेश लिया। स्नातकोत्तर में एमटेक में 18 और एमसीए में 23 छात्रों ने दाखिला लिया है।
निदेशक प्रो. वीके बंगा ने इस उपलब्धि के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और संस्थान के उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया।

Recent Comments