

मसूरी जाने वाले ध्यान दें और जानिए डीएम के औचक निरीक्षण में क्या हुआ
देहरादून। मानसून के दौरान मसूरी रोड पर सफर करने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खबर है। वर्षाकाल में बार-बार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ी से मलबा आने के कारण बंद हो रहे मसूरी मार्ग के बेहद संवेदनशील स्थानों का बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अचानक स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर सड़क, पहाड़ी की ढलान और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का जायजा लेते हुए डीएम ने लोनिवि समेत संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
डीएम ने पानीवाला बैंड, ग्लोगी समेत सभी संवेदनशील प्वाइंट्स पर तकनीकी परीक्षण कराने और भूगर्भीय अध्ययन के आधार पर स्थायी समाधान के लिए जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ किया कि डीपीआर में ढलान की सुरक्षा, रिटेनिंग वॉल और भूमिगत जल निकासी का पुख्ता बंदोबस्त शामिल होना चाहिए ताकि इस मुख्य मार्ग को बार-बार बंद होने से बचाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वर्षाकाल में मसूरी रोड पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जाए। यदि मलबा आने से रास्ता बंद होता है, तो उसे तुरंत खोलने के लिए मौके पर जेसीबी, पोकलैंड और डंपर की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। नालियों और पुलियाओं की नियमित सफाई के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि पानी के तेज बहाव से सड़क को नुकसान न पहुंचे।

संभावित खतरों को देखते हुए जिला आपदा कंट्रोल रूम समेत तहसील और ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राजस्व टीमों को नुकसान का आकलन करने के लिए क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिलाधिकारी ने आम जनता और पर्यटकों से भी अपील की है कि खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें तथा नदी-नालों व भूस्खलन वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित लोक निर्माण और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments