पीएम मोदी और सीएम धामी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’ की शुरुआत, एक माह तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

बाल वनिता आश्रम में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

देहरादून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से मंगलवार को बाल वनिता आश्रम, तिलक रोड में ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आश्रम के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाल वनिता आश्रम की बच्चों की प्रस्तुति ‘वंदेमातरम्’ से हुई। इसके बाद बच्चों ने गीत-संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ के तहत यह कार्यक्रम केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

मधु भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तकनीकी और आधारभूत विकास के साथ वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व और विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास देशवासियों के लिए प्रेरणादायी हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन और सशक्त राज्य निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत आगामी एक माह में विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है। इनमें भजन-कीर्तन, साहित्य सम्मेलन, कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को एक साथ आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान बाल वनिता आश्रम के बच्चों को फल भी वितरित किए गए। समारोह में आश्रम की रीना गुप्ता, सत्यदेव जी, साधना सिंह, बीना आचार्य, पुष्पा भट्ट समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साधना शर्मा ने किया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments