दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: चोरी, नशा तस्करी और अवैध कटान में 8 गिरफ्तार, माल बरामद

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जिले भर में चलाए जा रहे अपराध एवं नशा विरोधी अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। कोतवाली पटेलनगर, डोईवाला और सहसपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान, स्मैक, चरस, वाहन के पार्ट्स और अवैध मांस बरामद किया है।

कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने ऑटो में सवार व्यक्ति को नशा पिलाकर लूटपाट करने की झूठी तहरीर पर जांच करते हुए असलियत का पर्दाफाश किया। सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की मदद से पुलिस ने संडे मार्केट ग्राउंड आईएसबीटी के पास से विवेक चौधरी (22) और मोहित शुक्ला (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों नशे के आदी हैं और बिडलांस फैक्ट्री में काम करते हैं। काम से लौटते समय टर्नर रोड पर सड़क किनारे नशे में पड़े व्यक्ति को देखकर उन्होंने उसकी अंगूठी व नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने उनके पास से एक पीली धातु की अंगूठी, ₹1500 नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UK-07-HA-9659) बरामद की है।

पटेलनगर क्षेत्र में ही नशा तस्करों के खिलाफ समानांतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कबाड़ी पुल के पास से शब्बीर उर्फ बुच्चन (34) को 12.35 ग्राम स्मैक के साथ और गोरखपुर तिराहा बडोवाला से तैय्यब (25) को 374 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। बरामद मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹4.50 लाख बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी तैय्यब एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी व अन्य गंभीर धाराओं में पहले से एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उधर, कोतवाली डोईवाला पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। नकरौदा सैनिक कॉलोनी निवासी सरनदीप सिंह की मियांवाला फ्लाईओवर के नीचे से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी (UK07BY-3105) के मामले में पुलिस ने दिल्ली फार्म हर्रावाला से दो मौसेरे भाइयों—रजत चौहान (22) और करन चौहान (21)—को गिरफ्तार किया। इनमें से करन ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय है और बीकॉम का छात्र है, जबकि रजत एचएम का कोर्स करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था। अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने हैंडल लॉक खुला देखकर स्कूटी चुराई और पकड़े जाने के डर से उसे काटकर कबाड़ी को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके पास से कटी-खुली स्कूटी और उसे खोलने में इस्तेमाल किए गए पेचकस, प्लास व टूल्स बरामद किए हैं।

इसके अतिरिक्त, कोतवाली सहसपुर पुलिस ने रामपुर स्थित कुरैशी मोहल्ले की एक दुकान में छापेमारी कर अवैध पशु कटान का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से रहमान (19) और शहबाज (22) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 15 किलो भैंस वंशीय पशु मांस, एक कुल्हाड़ी और छुरी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments