

देहरादून। विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के मुख्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया और निगम की सुख-समृद्धि, उन्नति तथा निर्बाध विद्युत व्यवस्था के लिए प्रार्थना की।
श्री ध्यानी ने विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल के प्रतीक हैं। विद्युत क्षेत्र में कार्यरत सभी अधिकारी और कर्मचारी तकनीकी दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
पूजा-अर्चना के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने निगम की निरंतर प्रगति, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन की कामना की।

Recent Comments