

देहरादून। राजपुर रोड स्थित एक निजी जीवन बीमा कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी की शिकायत पर रायपुर थाना पुलिस ने उसके सहकर्मी और उसकी पत्नी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग, धमकी और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने तहरीर में बताया कि कंपनी में साथ काम करने वाला अमरदीप सिंह लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि एक दिन वह नशे की हालत में महिला के घर पहुंच गया और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। घटना के बाद पीड़िता ने अप्रैल 2026 में मयूर विहार चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी अमरदीप और उसकी पत्नी सोनम ने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया था।
शिकायत के अनुसार, इसके बावजूद उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि अमरदीप ने महिला के फेसबुक अकाउंट से उसकी तस्वीरें डाउनलोड कर लीं, जबकि उसकी पत्नी सोनम ने वे तस्वीरें पीड़िता के पति और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 30 जुलाई को सोनम उसके ससुराल पहुंची और वहां उसके सास-ससुर के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। पीड़िता का कहना है कि दोनों आरोपी लगातार उसे जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं, जिससे वह मानसिक तनाव में है और दफ्तर जाने से भी डर रही है।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि जाखन, राजपुर रोड निवासी अमरदीप सिंह और उसकी पत्नी सोनम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments