

“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान में STF का बड़ा एक्शन — फ्लैट, घर और कार तीनों जगह से मिली भारी खेप, आगे और भी नाम खुलने के आसार
हरिद्वार । शहर के एक साधारण से मेडिकल स्टोर के पीछे चल रहे नशे के अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। उत्तराखण्ड एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि विभाग और थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर के संचालक आकाश छाबड़ा (23) को उसके घर, फ्लैट और वाहन से कुल 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप के साथ धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी न तो वैध लाइसेंस दिखा सका, न ही खरीद-बिक्री के कोई दस्तावेज।
पूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा हुआ — आरोपी ने कबूल किया कि वह इन प्रतिबंधित सिरप की बोतलों को फुटकर बेचकर नशेड़ियों तक पहुंचाता था और इससे मोटा अवैध मुनाफा कमा रहा था। यह पूरी कार्रवाई “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जब टीम ने आरोपी के वैगनआर वाहन की तलाशी ली तो उसमें दो पेटियों में छिपाकर रखी गई 200 बोतलें बरामद हुईं।
अब खुलेंगे और नाम! सप्लाई चेन पर पुलिस की पैनी नजर
आरोपी ने पूछताछ में उसे सिरप सप्लाई करने वाले अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी दी है, जिसके आधार पर अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। बरामद वाहन और सिरप को फोरेंसिक जांच के लिए सीज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसटीएफ ने साफ किया है कि इस मामले में बताए गए आपूर्तिकर्ताओं और संभावित नेटवर्क की धरपकड़ के लिए छानबीन और तेज कर दी गई है। साथ ही पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों की निगरानी और औषधि नियमों के अनुपालन की जांच भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस की अपील — सतर्क रहें, सूचना दें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी अनजान लालच या दबाव में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ हेल्पलाइन (0135-2656202, 9412029536) पर दें। पुलिस ने दो टूक कहा है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर और और कड़ी होती रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी: आकाश छाबड़ा, पुत्र सुरेश छाबड़ा, आयु 23 वर्ष, निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार
बरामदगी: 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप (बिना वैध लाइसेंस), 1 वैगनआर कार
कार्रवाई में शामिल टीम: निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी व हरीश सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी व समीप पांडे सहित अन्य

Recent Comments