
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण देने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में 20 और 21 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता सहयोजक मीरा रावत ने बताया कि यह अभियान सर्वानंद घाट से पंतद्वीप पार्किंग तक प्रातः 8 बजे से संचालित होगा।
मीरा रावत ने बताया कि उक्त क्षेत्रों में कूड़े का अत्यधिक जमाव होने से तीर्थ यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए DM मयूर दीक्षित के निर्देश पर दो दिवसीय सफाई अभियान आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद की सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से ही तीर्थनगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

Recent Comments