
हरिद्वार। आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा शुक्रवार को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशकों डॉ. एम. एस. गुंज्याल और डॉ. जी. सी. एस. जंगपांगी ने लिया। दोनों अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और तैयारियों पर संतोष जताया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने संयुक्त निदेशकों को कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया। अपर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अतुल सिंह नेगी ने अतिथियों व ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के आवास तथा ऋषिकुल परिसर निदेशक प्रो. अनूप गक्कड़ से हुई बैठक की जानकारी दी। मुख्य कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों के विवरण साझा किए।
नोडल अधिकारी डॉ. भास्कर आनंद ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के सफल आयोजन के लिए योग अनुदेशकों की तैयारियों की जानकारी दी। निदेशक डॉ. मनीषा चौहान द्वारा कराई जा रही योगाभ्यास प्रैक्टिस का भी अवलोकन किया गया। ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी के अधीक्षक डॉ. अशोक तिवारी ने योगा मैट, टी-शर्ट, जलपान व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम कनखल के बड़े महाराज स्वामी दया मूर्त्आनंद जी महाराज के आशीर्वाद से मिशन की डायबिटीज एजुकेटर आँचल के निर्देशन में योग चैंपियन कुमारी विशिका विशेष योग प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एस. गुंज्याल और डॉ. जी. सी. एस. जंगपांगी ने तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन जनपद में योग जागरूकता का ऐतिहासिक उदाहरण बनेगा। उन्होंने आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।
इस अवसर पर प्रो. अनूप गक्कड़, डॉ. विकास दुबे, डॉ. अश्वनी कौशिक, डॉ. नवीन दास, डॉ. सोरमी सोनकर, डॉ. करुणा नेगी, डॉ. विक्रम सिंह रावत, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. दीपिका वर्मा, नवीन थपलियाल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। अंत में डॉ. स्वास्तिक सुरेश और डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने जिला प्रशासन और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा के सहयोग के लिए आभार जताया और कार्यक्रम को सफल व भव्य बनाने का भरोसा दिलाया।

Recent Comments