कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने थलीसैंण में विकास कार्यों की समीक्षा की

पटवारी चौकी सुधारीकरण का लोकार्पण व जल्लू संपर्क मार्ग का शिलान्यास

पौड़ी / थलीसैण। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने थलीसैंण प्रवास के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व सभी सड़क एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

डॉ. रावत ने पटवारी चौकी के सुधारीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके बाद ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त गांव बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। ग्राम प्रहरियों ने इस पहल के लिए आभार जताया।

ब्लॉक सभागार में समीक्षा बैठक में उन्होंने उपजिलाधिकारी, बीडीओ, अधिशासी अभियंताओं, नगर पंचायत अध्यक्ष व अन्य अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद पर जोर दिया। इस दौरान थलीसैंण क्षेत्र के जल्लू संपर्क मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्रवासियों का आवागमन सुगम बनाएगा।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। थलीसैंण सहित पूरे क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के कार्यों को प्राथमिकता पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, एसडीएम थलीसैंण कृष्ण त्रिपाठी, बीडीओ टीकाराम कोठियाल, तहसीलदार शंकर सिंह, नगर पंचायत ईओ दीपक प्रताप, जेई राहुल टोलिया, डीपीओ मनरेगा योगेश रावत सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments