
देहरादून। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 42वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप के फाइनल में कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (C&AG) की टीम ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को 25 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए C&AG ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 373 रन बनाए। लक्ष ने नाबाद 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि शुभम सिंह पंडीर (48), सुमित माथुर (45), गुरविंदर सिंह (41) और लोन नसीर (नाबाद 46) ने भी अहम योगदान दिया। पंजाब के लिए कार्तिक छाडा और दमनप्रीत सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
374 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम 49.4 ओवर में 348 रन पर ऑलआउट हो गई। उदय प्रताप शरण ने 138 रन की शानदार पारी खेली, जबकि दमनप्रीत सिंह (नाबाद 49), ईश राव (46) और अमनजोत सिंह (42) ने संघर्ष किया। लेकिन C&AG के गेंदबाज मृणमय दत्ता ने 5 विकेट लेकर पंजाब की उम्मीदों को तोड़ दिया। अब्दुल बजीथ, करन, आयुष जमवाल और सुमित माथुर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
फाइनल में शतक जड़ने वाले लक्ष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता C&AG टीम को 10 लाख रुपये और ट्रॉफी, तथा उपविजेता पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को 7 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की।

Recent Comments