
देहरादून, 30 जून 2026: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर मानसून, शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा पखवाड़े को लेकर अहम निर्देश दिए।
जर्जर स्कूलों की प्राथमिकता से मरम्मत
मुख्य सचिव ने सभी डीएम को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों को मरम्मत की जरूरत है, उनका काम तत्काल शुरू कराएं। ऐसे स्कूलों को प्राथमिकता दी जाए जिनके आसपास कोई दूसरा विद्यालय नहीं है। उन्होंने टिहरी डीएम द्वारा स्कूलों की मरम्मत के लिए शुरू की गई मुहिम की सराहना की और अन्य जिलों को भी कार्यदायी संस्थाओं से टीएसी कराकर प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। सचिव शिक्षा को निर्देश दिए कि प्रस्ताव मिलते ही तत्काल फंड रिलीज किया जाए, एक साथ जमा होने का इंतजार न करें।
टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने पर जोर
टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए हाई रिस्क विलेज में अधिक से अधिक कैंप लगाने और एक्स-रे मशीन का उपयोग बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि स्क्रीनिंग में एनएसएस और एनसीसी वॉलंटियर्स को भी शामिल किया जाए। सचिव स्वास्थ्य को रिव्यू पॉइंट्स जिलों के साथ साझा करने को कहा गया।
सेवा पखवाड़े का व्यापक प्रचार करें
4 जुलाई से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़े को सफल बनाने के लिए मुख्य सचिव ने पहले से उचित प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि बहुउद्देशीय शिविरों का लाभ अधिक से अधिक लोग उठा सकें। राज्य और केंद्र की जनहित योजनाओं की जानकारी साझा कर पात्र लोगों के आवेदन कराने के निर्देश दिए।
मानसून तैयारियों पर अलर्ट
मानसून को लेकर सभी जिलों में भूस्खलन संभावित स्थलों, बाढ़ संभावित क्षेत्रों, नदी तटों और भू-कटाव वाले इलाकों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। जेसीबी, पोकलैंड, डंपर, क्रेन समेत सभी जरूरी मशीनें संवेदनशील स्थानों पर पहले से तैनात रखने को कहा। बार-बार बाधित होने वाली सड़कों के लिए वैकल्पिक मार्ग और बिजली, पानी, सड़क, दूरसंचार के लिए प्लान-बी तैयार रखने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन और राजेंद्र कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments