
प्रीतम सिंह बोले — महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को जन-जन तक पहुंचाएंगे; गोदियाल का तंज — भाजपा राज में मछलियां अंदर, मगरमच्छ बाहर
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की बड़ी रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” की विस्तृत रूपरेखा सामने रखी। प्रीतम सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई चरम पर है, युवा बेरोजगारी से त्रस्त है, महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। ऐसे में भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने यह अभियान शुरू करने का फैसला किया है। पहले चरण में पर्वतीय विधानसभा सीटों को चुना गया है, जिन्हें चार जोन में बांटा गया है।
जोन एक की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ विधायक मयूख महर, हरीश धामी और खुशाल सिंह अधिकारी को सौंपी गई है। इस जोन में 28 जून से 2 जुलाई के बीच चंपावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर और कपकोट विधानसभाओं में कार्यक्रम होंगे। जोन दो के प्रभारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत होंगे, जिनके साथ सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवान, विधायक लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जीत राम और मनोज रावत रहेंगे। इस जोन में 28 जून से 7 जुलाई के बीच यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बद्रीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग में अभियान चलेगा।
जोन तीन की कमान स्वयं प्रीतम सिंह के हाथ में होगी, जिनके साथ उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी शामिल हैं। इस जोन में 28 जून से 7 जुलाई के बीच पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और धनौल्टी को कवर किया जाएगा। जोन चार के प्रभारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा होंगे, जिनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, मदन बिष्ट और सुमित हृदयेश रहेंगे। यह जोन 29 जून से 9 जुलाई के बीच हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत और सल्ट में सक्रिय रहेगा। प्रीतम सिंह ने बताया कि वरिष्ठ नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य किसी भी जोन की किसी भी विधानसभा में शामिल हो सकते हैं। हर विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभा, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मौके पर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और प्रदेश के हर संसाधन पर भाजपा से जुड़े लोगों का कब्जा है। खनन के पट्टे और क्रशर उन्हीं के पास हैं जो भाजपा को समर्थन देते हैं, जबकि विरोध करने वालों के पट्टे छीन लिए जाते हैं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिन छोटी मछलियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है, उन्हें जुबान खोलकर बड़ी मछलियों के नाम उजागर करने चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा राज में स्थिति यह है कि मछलियां तो अंदर हैं और मगरमच्छ बाहर घूम रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने कहा कि उनके पास दोहरी जिम्मेदारी है और जनता को जवाब देना उनका फर्ज है। उन्होंने कहा कि जनता अपने सवालों के लिए भाजपा नेताओं को घेरेगी, न कि विपक्ष को, इसलिए धमकी देना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।
प्रीतम सिंह ने स्पष्ट किया कि यह अभियान फिलहाल पर्वतीय विधानसभाओं तक सीमित है और आने वाले समय में मैदानी इलाकों — देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और विकासनगर — के लिए भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डा. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर और सुनीत राठौड़ सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Recent Comments