

देहरादून। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भर्ती अनियमितताओं पर ED की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भ्रष्टाचार पर बयान देने से पहले अपने शासनकाल का जवाब देना चाहिए।
उनियाल ने कहा कि 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के स्टिंग में “लूट लो, मैं आंख बंद कर लूंगा” जैसी बात ने गंभीर सवाल खड़े किए थे। आज उसी दौर से जुड़े मामलों में जांच आगे बढ़ी तो कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि इसे उसी सोच का परिणाम माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिडकुल, यूबीटीईआर, आयुर्वेद विश्वविद्यालय, दरोगा और पटवारी भर्ती समेत कई घोटाले कांग्रेस शासन में हुए, जिससे मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हुआ। भर्ती में भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अपराध नहीं, युवाओं के सपनों पर हमला है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा है। धामी सरकार में भर्ती प्रक्रिया से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस जांच पर सवाल उठाकर जवाबदेही से नहीं बच सकती।

Recent Comments