
पौड़ी/देहरादून,। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में ‘सहकारिता सप्ताह-2026’ शुरू हो गया है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सप्ताह का शुभारंभ किया।
डॉ. रावत ने कहा कि सहकारिता से किसान, युवा और महिलाएं सशक्त होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इसके लिए प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़कर रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर दिए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि सहकारी समितियों को डिजिटल व आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। किसानों को ब्याजमुक्त ऋण, विपणन सुविधा, आधुनिक कृषि तकनीक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी जा रही हैं। प्रगतिशील किसानों को अध्ययन भ्रमण पर भेजा जा रहा है। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान सम्मेलन व प्रशिक्षण हो रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी 670 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा।
6 जुलाई तक प्रदेश की सभी सहकारी समितियों, राज्य व जिला सहकारी बैंकों में जनजागरूकता, जनसहभागिता व प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे। देहरादून में अपर निबंधक ईरा उप्रेती, संयुक्त निबंधक एम.पी. त्रिपाठी व रमेंद्री मंद्रवाल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सहकारिता सप्ताह की शपथ दिलाई।
सप्ताह के तहत सहकारिता जागरूकता अभियान, महिला-युवा सहभागिता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेज में कार्यशाला, सहकारी संवाद, डिजिटल सेवा विस्तार व सोशल मीडिया आउटरीच जैसे कार्यक्रम होंगे।

Recent Comments