
नई टिहरी। नई टिहरी के गणेश चौक बौराड़ी में आयोजित तीन दिवसीय पांचवें मैती मिलन मेले में कलाकारों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। मेले का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत और विधायक उपाध्याय ने नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल और मंत्री जगजीत नेगी को भी सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मेला संयोजक अनुसूया प्रसाद नौटियाल ने नगर की प्रमुख समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर मंत्री डॉ. रावत ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। नौटियाल ने बताया कि वे विगत चार वर्षों से इस सांस्कृतिक आयोजन को निरंतर करते आ रहे हैं।

मेले में सुर गंगा संगीत महाविद्यालय, सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल, विद्या मंदिर ढुंगीधार, सरस्वती शिशु मंदिर और प्राथमिक विद्यालय पिपली के छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ध्याणियों के सम्मान में शहर की महिलाओं ने रोटाना और अरसे से सजी कलेऊ की टोकरियां तैयार कर भेंट कीं। रविवार को गोपाल गोलोक धाम के परिसर में पौधरोपण के बाद सामूहिक गढ़ भोज के साथ मेले का समापन हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, चंबा प्रमुख सुमन सजवाण सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Recent Comments