डीएम स्वाति भदौरिया सख्त: तहसील दिवस में शिकायत निस्तारण और लंबित वादों पर कसी नकेल

पौड़ी। तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को श्रीनगर तहसील सभागार में जनसुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता की हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण हो। समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के बाद भदौरिया ने पौड़ी से आए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर मुख्यालय लौटने को कहा। इसके बाद उन्होंने तहसील कार्यालय का भी विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।

ग्राम प्रधान बछेली कुलदीप गुसाईं ने सुमाड़ी में निर्माणाधीन डंपिंग जोन से अमधार तल्ली के पेयजल स्रोत की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान, निर्माणदायी संस्था और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बलडी तोक में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के मामले में दो दिन के भीतर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संयुक्त निरीक्षण कर पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। 
वार्ड-40 में प्रस्तावित खेल मैदान और विद्युत उपसंस्थान के लिए चिन्हित भूमि के लंबित हस्तांतरण का मुद्दा पार्षद संदीप सिंह रावत ने उठाया। जिलाधिकारी ने यूपीपीसीएल से उप-संस्थान की प्रशासनिक स्वीकृति लाने और उपजिलाधिकारी को प्राथमिकता पर आख्या देने के निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण में एसडीएम और तहसीलदार न्यायालय में लंबित राजस्व व फौजदारी वादों की समीक्षा की गई। भदौरिया ने कहा कि बार-बार सुनवाई के बाद भी प्रगति न होने वाले मामलों को अंतिम अवसर देकर नियमानुसार निपटाया जाए। एक ही काम के लिए 15-15 तारीखें देने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि वादों को अनावश्यक लटकाना स्वीकार नहीं होगा।

नजारत अनुभाग में अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक न मिलने पर नायब नजीर से स्पष्टीकरण मांगा। संग्रह अनुभाग में राजस्व वसूली धीमी पाए जाने पर कम वसूली करने वाले अमीनों का वेतन रोकने के आदेश दिए। सीएम हेल्पलाइन, कार्मिक उपस्थिति पंजिका और भूलेख के मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। खतौनी रजिस्टरों को देखते हुए रजिस्ट्रार कानूनगो को अभिलेखों के रखरखाव में पारदर्शिता बरतने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर दूरभाष से संपर्क कर संचार व्यवस्था जांची। सभी उपकरणों को क्रियाशील रखने, सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और 24×7 सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संपर्क सूची नियमित अपडेट करने को भी कहा।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित तहसील के सभी कार्मिक मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments