

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सात-आठ युवकों ने रविवार रात किशोरी के साथ हैवानियत की और बाद में उसे जान से मारने की कोशिश भी की। पीड़िता ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, लक्सर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी पिछले रविवार रात अपने परिचित युवक के साथ बाइक पर काटा-फूलगढ़ गांव की ओर जा रही थी। गांव से कुछ दूरी पर खेतों में सात-आठ युवकों ने दोनों का पीछा किया और उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने पहले युवक की बुरी तरह पिटाई की और उसे भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने किशोरी को खेतों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान में कहा गया है कि आरोपी नशे में धुत थे। एक युवक ने बलात्कार किया, जबकि बाकी भी दुष्कर्म की कोशिश कर रहे थे।
दुष्कर्म के बाद आरोपी किशोरी को पूरे रात कैद रखकर मारने की योजना बना रहे थे। मौका मिलते ही किशोरी नंगी अवस्था में खेतों के रास्ते भाग निकली और पास के एक घर में छिप गई। वहां मौजूद महिला ने उसे कपड़े दिए और मदद की।
किशोरी रात भर घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में निकले। सुबह किशोरी मिली तो उसने पूरे परिवार को अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत पथरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (POCSO एक्ट सहित) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी का बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।
यह घटना उत्तराखंड में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय स्तर पर आक्रोश फैला हुआ है।

Recent Comments