
कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुई झड़प के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी, निष्पक्ष जांच और कानून व्यवस्था बनाए रखने का दावा
चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना में दोनों ओर के लोग घायल हुए, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण कर लिया।
घटना के बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तारियां की थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ समान रूप से कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां बिना किसी व्यवधान के जारी रहें।
इसी प्रकरण में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। अब मामले की आगे की सुनवाई न्यायालय में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments