
देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संरक्षण गृह भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को क्षेत्र की एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल मु०अ०सं०-217/2026 के तहत धारा 65(1)/351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस टीम ने 19 जून को आरोपी विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी वैधानिक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

Recent Comments