

देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF) उत्तराखंड ने आगामी 1 अक्टूबर 2026 की पेंशन रुद्र रैली और 2 नवंबर 2026 की पेंशन आर-पार महारैली एवं मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया।
बैठक में पदाधिकारियों ने दोनों कार्यक्रमों की तैयारी, जनसंपर्क अभियान और कर्मचारियों की सहभागिता को लेकर गहन चर्चा की। सभी ने संगठनात्मक स्तर पर कार्यक्रमों की सफलता के लिए एकजुटता और सक्रियता की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.पी. सिंह रावत ने कहा, “पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा हुआ है।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट जाएं और अधिक से अधिक कर्मचारियों को जोड़ें।
प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने बताया कि पेंशन रुद्र रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा, “1 अक्टूबर का दिन उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक होगा। रुद्रप्रयाग में आयोजित होने वाली रैली के माध्यम से हम पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से उठाएंगे।”
प्रदेश मुख्य संयोजक जयदीप रावत ने कहा, “इस आंदोलन में शिक्षक एवं कर्मचारी संगठित होकर अपनी आवाज उठाने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने सभी से एकजुट होकर कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।
महिला कर्मचारियों की भागीदारी पर जोर देते हुए प्रदेश अध्यक्षा रनीता विश्वकर्मा ने कहा, “महिलाएं इस आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हमें 1 अक्टूबर और 2 नवंबर के कार्यक्रमों में उनकी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।”
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने 1 अक्टूबर की पेंशन रुद्र रैली एवं 2 नवंबर की पेंशन आर-पार महारैली को सफल बनाने के लिए संकल्प लिया। रुद्रप्रयाग जिले के पदाधिकारियों ने भी रैली की तैयारियों को लेकर उत्साह व्यक्त किया। सभी ने एकजुटता से काम करने का संकल्प लिया और कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का वादा किया।

Recent Comments