

यूयूएसडीए की पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा, समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश; सड़क पुनर्स्थापन और नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर
नैनीताल। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की पीआईयू चम्पावत एवं हल्द्वानी द्वारा संचालित विभिन्न पेयजल और शहरी आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने पाइपलाइन बिछाने, जलाशयों, जल शोधन संयंत्रों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां शीघ्र सड़क पुनर्स्थापन का कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चम्पावत वाटर सप्लाई स्कीम के तहत वर्ष 2055 तक की संभावित आबादी को ध्यान में रखते हुए 6.8 एमएलडी जल मांग का आकलन किया गया है। लगभग 240.26 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को 10 सितंबर 2027 तक पूरा किया जाना है। परियोजना के अंतर्गत 109 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जाएगा, जिसमें 81 किलोमीटर लाइन की हाइड्रो टेस्टिंग भी की जाएगी। अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
अधिकारियों ने किच्छा वाटर सप्लाई स्कीम की प्रगति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 31.33 एमएलडी जल मांग की पूर्ति के लिए 478.66 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत है। इसके तहत 323 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। चार पंप हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि एक का कार्य प्रगति पर है।
बैठक में टनकपुर जलापूर्ति योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत नई पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल और 24 घंटे निर्बाध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
कमिश्नर ने हल्द्वानी इंटीग्रेटेड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत 39,716 घरेलू जल संयोजन, जल वितरण पाइपलाइन, 14 नए ओवरहेड वाटर टैंक, 13 नए ट्यूबवेल, 122 किलोमीटर सीवरेज नेटवर्क तथा 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है।
अब तक 21,483 घरेलू जल संयोजन, 436 किलोमीटर जल वितरण पाइपलाइन तथा 76 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है। एसटीपी का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह में आरटीओ रोड और काठगोदाम क्षेत्र में नई पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड और स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट तथा ड्रेनेज से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कहा कि सभी परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जाए ताकि कार्य निर्धारित समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें।
बैठक में डिप्टी प्रोग्राम डायरेक्टर कुमाऊं डिवीजन यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू चम्पावत अंकित आर्या, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईयू हल्द्वानी कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह दिओल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments