
हल्द्वानी(आरएनएस)। राष्ट्रीय खेलों का 14 फरवरी को हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में समापन समारोह आयोजित होना है। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अधिकारियों से जानकारी ली। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव मुख्यमंत्री व आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने हल्द्वानी कैंप कार्यालय से वीसी में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कुमाऊं मंडल में राष्ट्रीय खेल सुचारू रूप से सम्पन्न हो रहे हैं। हल्द्वानी स्टेडियम में सभी व्यवस्थाएं सुचारू कर दी गई हैं। स्टेडियम में दर्शकों के लिए 194 टॉयलेट बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए हैं। समापन समारोह में मंडलभर के प्रबुद्धजानों व जनप्रतिनिधियों आदि को आमंत्रित किए जाने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने देहरादून पहुंचकर बैठक में प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि लोगों के लिए स्टेडियम तक आने व जाने को शटल सेवा प्रारम्भ की जाएगी। जिससे शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। बुधवार को हल्द्वानी स्टेडियम का इवेंट मैनेजमेंट व अधिकारियों के साथ भ्रमण कर व्यवस्थाओं को सुचारू किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी की तैनाती भी कर दी गई है। नियमित सफाई को नगर निगम व जिला पंचायत के माध्यम से अतिरिक्त पर्यावरण मित्र तैनात किए गए हैं।

Recent Comments