कांवड़ यात्रा के पहले दिन 446 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार, 32 स्थानों पर लगे स्वास्थ्य शिविर

हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा शुरू होते ही जनपद प्रशासन ने शिवभक्तों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता पर रखा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ पटरी मार्ग सहित जिले में 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए हैं। यात्रा के पहले ही दिन इन शिविरों में 446 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य खराब होने, थकान, निर्जलीकरण और मामूली चोट लगने पर आने वाले श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इसके लिए प्रत्येक शिविर में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें 24 घंटे तैनात हैं।

डॉ. सिंह के अनुसार सभी शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, प्राथमिक उपचार के उपकरण, एम्बुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पिएं, बीच-बीच में विश्राम करें और धूप से बचें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस होने पर वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें।

जनपद प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के पूरे समय श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments