देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ से अपराधियों में हड़कंप: नशे के सौदागरों समेत दर्जनों गिरफ्तार, भारी जुर्माना वसूला

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर राज्यभर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने बीती रात व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के नेतृत्व में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। इस अभियान के दौरान नशा तस्करों की गिरफ्तारी से लेकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा।

अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रायपुर और विकासनगर क्षेत्र में छापेमारी कर दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। विकासनगर के डाकपत्थर निवासी 26 वर्षीय आसिफ पुत्र इमरान के कब्जे से पुलिस ने 181 ग्राम अवैध चरस बरामद की। वहीं, थाना रायपुर पुलिस ने बालावाला निवासी दिवांशु नेगी को 52 ग्राम अवैध चरस के साथ दबोचा। पुलिस अब इन तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मियों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी न करने वाले 127 मकान मालिकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिनसे कुल 12 लाख 70 हजार रुपये का भारी जुर्माना वसूला गया।

यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 31 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके अलावा, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 123 चालकों का एमवी एक्ट में चालान कर 66,500 रुपये का नकद जुर्माना वसूला गया, जबकि 85 चालकों के कोर्ट चालान कर 43 वाहनों को सीज किया गया।

रात के समय अनावश्यक और संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। एसएसपी के निर्देश पर पूरी रात चले इस अभियान में 1000 से अधिक व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई। मर्यादा भंग करने वाले 119 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 31,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, वहीं 09 संदिग्धों को गहन पूछताछ के लिए 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी जारी रहेगा। पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए जनपद पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments