
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक जिला एवं महानगर अध्यक्षों को पहले संगठनात्मक पद छोड़ने के निर्देश पर पुनर्विचार की मांग की है।
क्षेत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में यह निर्णय पार्टी के हितों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, तब वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे जिला एवं महानगर अध्यक्षों के सामने इस प्रकार की शर्त रखना उनके मनोबल को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि जिला एवं महानगर अध्यक्ष केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा के प्रमुख वाहक होते हैं। वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
क्षेत्री ने यह भी सवाल उठाया कि यदि चुनाव लड़ने के लिए संगठनात्मक पद छोड़ना आवश्यक माना जा रहा है, तो यह नियम केवल जिला एवं महानगर अध्यक्षों पर ही क्यों लागू किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि या तो इस निर्देश को वापस लिया जाए अथवा प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी संगठनात्मक पदाधिकारियों पर समान रूप से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों का रहा है और संगठन को कमजोर करने के बजाय प्रत्येक स्तर पर नेतृत्व को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। पत्र की प्रतिलिपि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल को भी भेजी गई है।

Recent Comments