अर्द्धकुंभ-2027 की तैयारियां तेज: त्रिवेणी घाट से गंगा कॉरिडोर तक परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

देहरादून/ऋषिकेश। आगामी अर्द्धकुंभ मेला-2027 को लेकर ऋषिकेश क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विस्तृत समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला गंगा समिति की मासिक बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम ऋषिकेश ने लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि जल संस्थान ने पेयजल एवं संबंधित अवसंरचना विकास कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। त्रिवेणी घाट पुनर्विकास, चंद्रभागा पैदल पुल, आस्था पथ सौंदर्यीकरण और विभिन्न घाटों के विकास कार्यों पर विशेष फोकस रहा।

प्रस्तुतीकरण में त्रिवेणी घाट को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के अनुरूप विकसित करने की योजना रखी गई, जिसमें रिचुअल परफॉर्मेंस जोन, बेहतर बैठक व्यवस्था, जनसुविधाओं का विस्तार और मां सरस्वती मंदिर तक सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। साथ ही बाढ़ सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संरचनात्मक प्रबंधों पर भी चर्चा हुई।

चंद्रभागा पैदल पुल को अधिक सुरक्षित और आकर्षक बनाने के सुझाव दिए गए, वहीं नदी तट संरक्षण और पर्यटन अवसंरचना सुदृढ़ीकरण से जुड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निविदा प्रक्रियाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

केएफडब्ल्यू वित्तपोषित एकीकृत शहरी अवसंरचना परियोजना के तहत ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन और स्वर्गाश्रम क्षेत्रों में पेयजल, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य सुविधाओं के विकास कार्यों की प्रगति भी बैठक में रखी गई।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देंगी, बल्कि ऋषिकेश की धार्मिक और पर्यटन पहचान को भी मजबूत करेंगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन और विभागीय समन्वय के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही त्रिवेणी घाट स्थित गंगा संग्रहालय के संरक्षण और संवर्धन पर भी जोर दिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments