

पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी और रोजगार-प्लेसमेंट के अवसर बढ़ाने पर बनी सहमति
श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व एलुमनाई एसोसिएशन सचिव महिपाल सिंह रावत ने सोमवार को कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य रूप से विश्वविद्यालय की एलुमनाई एसोसिएशन के पुनर्गठन और सशक्तीकरण पर विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और वर्तमान विद्यार्थियों के लिए रोजगार तथा प्लेसमेंट के अवसरों को अधिक बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई।
महिपाल सिंह रावत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यटन अध्ययन केंद्र (सीएमटीएचएस) से 1999-2001 बैच के पर्यटन विषय में स्नातकोत्तर छात्र रह चुके हैं। वे इससे पूर्व विश्वविद्यालय की एलुमनाई एसोसिएशन में सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिसके चलते विश्वविद्यालय प्रशासन और पूर्व छात्रों के बीच सेतु की भूमिका में उनका यह दौरा खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Recent Comments