

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले – राष्ट्र सुरक्षा के दायित्व से बंधे डोभाल को राजनीति में घसीटना देशविरोधी मानसिकता
देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने इसे देवभूमि के गौरव और प्रत्येक देशभक्त का अपमान बताते हुए कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे व्यक्तियों पर की गई टिप्पणियों को आपत्तिजनक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने डोभाल के खिलाफ अत्यंत अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है।
भट्ट ने कहा कि अजीत डोभाल राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े सैन्य, खुफिया और कूटनीति के मामलों को अधिकृत रूप से संभालते हैं। उन्हें प्राप्त सभी अधिकार राष्ट्रहित में जनता द्वारा निर्वाचित सरकार द्वारा दिए गए हैं। अपनी भूमिका के कारण वह सस्ती लोकप्रियता वाले झूठे आरोपों का जवाब देने सार्वजनिक मंच पर नहीं आ सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी निभाने वाले पद की गरिमा का अपमान कर रहे हैं और देश की छवि खराब करने का पाप कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डोभाल पर की गई टिप्पणी पूरे देश, विशेषकर उत्तराखंड के लिए अपमानजनक है। उनके जीवन और उपलब्धियों से प्रत्येक राज्यवासी प्रेरणा लेता है। आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्होंने पाकिस्तान सहित अन्य देशों में जान दांव पर लगाकर खुफिया मिशन पूरे किए और आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशनों को सफल बनाया।
भट्ट ने कहा कि विगत 12 वर्षों से वह देश को सुरक्षित बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सामान्य परिवार से निकलकर यह मुकाम हासिल करना परिवारवादी लोगों को हजम नहीं हो रहा है।
उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी कांग्रेस ने देवभूमि के लाल, पूर्व सीडीएस जनरल विपिन रावत को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे और ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय जहाजों के नुकसान का हिसाब मांगा।
भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पद को सार्वजनिक मंच पर घसीटना अत्यंत निंदनीय है। देवभूमि की जनता कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता को माफ नहीं करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखाएगी।

Recent Comments