

गृहमंत्री अमित शाह ने एमडी आशीष पांडेय को सौंपा सम्मान, छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में हुई घोषणा
देहरादून । यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बैंक की हिंदी गृह पत्रिका ‘यूनियन सृजन’ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ‘ख’ भाषाई क्षेत्र में राजभाषा कीर्ति पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
यह पुरस्कार गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा सिडको एक्जीबिशन सेंटर, नवी मुंबई में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में प्रदान किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यह प्रतिष्ठित सम्मान यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पांडेय को प्रदान किया।
सम्मेलन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दूसरे सत्र में बैंक की ‘विविध आयाम’ पुस्तक श्रृंखला के अंतर्गत ‘कारोबार सर्वोपरि, अनुपालन निरंतर’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बंडी संजय कुमार द्वारा 5 दृष्टि दिव्यांगजनों को एआई-संचालित चश्मे प्रदान किए गए।
इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। बैंक के एमडी आशीष पांडेय ने उन्हें नव-प्रकाशित पुस्तक की प्रति भेंट की।
बैंक प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान बैंकिंग कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और संवर्धन के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Recent Comments