
मॉस्को ,20 अपै्रल। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूढि़वादी ईसाई समुदाय के ईस्टर पर्व के मौके पर यूक्रेन में एक दिन के लिए एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की है। रूसी राष्ट्रपति ने अपने सैनिकों को स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम 6 बजे से लेकर रविवार की देर रात तक यूक्रेन में किसी भी तरह का हमला नहीं करने का सख्त आदेश दिया है।
क्रेमलिन मीडिया के हवाले से जारी बयान में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, रूस मानवीय विचारों से प्रेरित होकर रविवार से सोमवार तक ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करता है। उन्होंने रूसी सैन्य प्रमुख जनरल वालेरी गेरासिमोव को इस संबंध में आदेश देते हुए कहा, मैं आदेश देता हूं कि इस अवधि के लिए यूक्रेन में सभी सैन्य कार्रवाइयां रोक दी जाएं।
हालांकि, पुतिन ने इस युद्धविराम के साथ ही एक शर्त भी रखी है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेनी पक्ष भी रूस के इस फैसले का सम्मान करेगा और युद्धविराम में सहयोग करेगा। इसके साथ ही, पुतिन ने रूसी सेना को पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, हमारे सैनिकों को युद्धविराम के संभावित उल्लंघन और दुश्मन की ओर से किसी भी तरह के उकसावे या आक्रमण को रोकने के लिए तैयार रहना चाहिए।
रूस द्वारा घोषित यह युद्धविराम एकतरफा है, जिसका अर्थ है कि यह रूस की तरफ से घोषित किया गया है और यूक्रेन पर इसका पालन करने की कोई बाध्यता नहीं है, हालांकि पुतिन ने यूक्रेन से इसका सम्मान करने की अपील की है। इस घोषणा को ईस्टर पर्व के दौरान लोगों को धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर प्रदान करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

Recent Comments