
देहरादून । भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को 2027 के लिए जीत का मंत्र दिया। सीएम ने साफ कहा कि भाजपा की अजेय ताकत कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण है। अब प्रकोष्ठों को सरकार के काम हर वर्ग तक पहुंचाकर पार्टी की जीत को और प्रचंड बनाना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का नहीं, सेवा का माध्यम है। यही वजह है कि भाजपा में आपदा प्रबंधन, एनजीओ और पर्यटन जैसे प्रकोष्ठों की अहमियत है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रकोष्ठों का विस्तार बताता है कि भाजपा जनता के बीच काम करती है, जबकि विपक्ष सिर्फ ट्विटर, फेसबुक और AC कमरों में बैठकर बयानबाजी करता है।
सीएम ने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से ब्लॉक स्तर पर ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ युवाओं की टोली तैयार करने को कहा। वहीं स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ को 2029 तक 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के PM मोदी के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं – दो माह में ही 40 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
CM धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके पास न नीति है, न नीयत और न नेता। UCC, धर्मांतरण विरोधी कानून और अवैध मजारों पर बुलडोजर चलाने से वोट बैंक की राजनीति करने वाले बिलबिला उठे। उन्होंने दोहराया, “जब तक देवभूमि में BJP सरकार है, डेमोग्राफी बदलने नहीं दी जाएगी।”
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बूथ-बूथ कमल खिलाने में प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद अहम होगी। सभी 22 प्रकोष्ठों को जल्द मंडल स्तर तक टीम गठन के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी समेत सभी प्रकोष्ठों के संयोजक-सह संयोजक मौजूद रहे।

Recent Comments