

दिल्ली में 20 अगस्त को होगा राष्ट्रीय सम्मेलन, स्नातक से पीएचडी तक के विद्यार्थी निःशुल्क ले सकेंगे भाग
देहरादून। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर राजीव गांधी स्टडी सर्किल, दिल्ली द्वारा एक विशेष राष्ट्रीय केस स्टडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक गहलोत के नेतृत्व में और राजीव गांधी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का नाम “RISE & ACT: Resilient Initiatives for Social, Environmental & Community Action” रखा गया है। प्रतियोगिता की थीम “हरा भरा स्वराज: उठो और कार्य करो – स्थानीय आवाज़, सामूहिक कार्य, टिकाऊ भविष्य” निर्धारित की गई है।
यह जानकारी राजीव गांधी स्टडी सर्किल की उत्तराखंड स्टूडेंट सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना ने दी। उन्होंने बताया कि देशभर के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में पूरी तरह निःशुल्क भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के पास दो विकल्प रहेंगे – पहला, समुदाय की सहभागिता से सफलतापूर्वक हल की गई किसी पर्यावरणीय समस्या पर केस स्टडी प्रस्तुत करना, और दूसरा, अनसुलझी पर्यावरणीय चुनौतियों पर समुदाय-आधारित पहलों, सरकारी नीतियों या दोनों के समन्वय से समाधान प्रस्तुत करता शोध-पत्र लिखना।
प्रतियोगिता में कुल ₹1.51 लाख के 25 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹30,000 और तृतीय ₹20,000 का रखा गया है। इसके अलावा सात सांत्वना पुरस्कार ₹5,000-₹5,000 के तथा 15 सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता पुरस्कार ₹1,000-₹1,000 के दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ 20 शोध-पत्रों को 20 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुति का अवसर भी मिलेगा। चयनित शोध-पत्र प्रकाशित भी किए जाएंगे, वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और कॉन्फ्रेंस किट प्रदान की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार शोध-पत्र 5000 शब्दों का वर्ड डॉक्यूमेंट, APA 7 शैली में तैयार करना होगा। इसमें प्लेजियरीज़्म 12 प्रतिशत से कम तथा एआई उपयोग 30 प्रतिशत से कम होना अनिवार्य किया गया है। सार (एब्सट्रैक्ट) जमा करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 और पूर्ण शोध-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी सुप्रिया धस्माना, स्टेट स्टूडेंट सेक्रेटरी उत्तराखंड, मोबाइल नंबर +91 9560442042 या ईमेल rajivgandhistudycircledelhi@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।

Recent Comments