
देहरादून । रायपुर थाना क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी देहरादून की रणनीति के चलते पुलिस ने आरोपी को चोरी किए गए सामान और नकदी के साथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, 7 जून को दुर्गा एन्कलेव सहस्त्रधारा रोड स्थित श्री शिव मंदिर समिति के सचिव राजीव तोमर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने मंदिर से मूर्तियां और अन्य सामान चोरी कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार सुरागरसी की गई।
लगातार प्रयासों के बाद 8 जून को सहस्त्रधारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कृष्णा थापा (23) निवासी सभावाला, सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया करीब दो लाख रुपये का सामान, 13 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए उसने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय रावत, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

Recent Comments