

10 दिन की मानदेय कटौती के फरमान पर लगी रोक, विशेष अवकाश से होगा समायोजन
विकासनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय से कटौती न करने को लेकर जन संघर्ष मोर्चा की पहल रंग लाई है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि विगत कई माह पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने मानदेय बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों को लेकर एक महीने तक आंदोलित रहे थे। आंगनबाड़ी संगठन व शासन के मध्य हुई वार्ता में हड़ताल अवधि का मानदेय न काटने यानी विशेष अवकाश में समायोजित किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निदेशालय द्वारा वर्कर्स की 10 दिन की अवकाश अवधि समायोजित करने के बजाय मानदेय कटौती का फरमान जारी कर दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया।
इस पूरे मामले को लेकर मोर्चा अध्यक्ष नेगी ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंसी राणा से वार्ता की और शासन के पत्र का हवाला देते हुए मानदेय न काटे जाने की बात मजबूती से रखी। राणा ने शासन स्तर पर वार्ता कर पूरे प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि वर्कर्स के मानदेय से कटौती नहीं की जाएगी, बल्कि भविष्य के विशेष अवकाश अवधियों से ही इसका समायोजन किया जाएगा। मोर्चा ने इस निर्णय को अपनी बड़ी जीत बताया है।
इस दौरान नेगी ने मंत्री रेखा आर्या पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मंत्री का आंगनबाड़ी वर्कर्स की पीड़ा का संज्ञान न लेना यह दर्शाता है कि वे केवल अपने आर्थिक संसाधन मजबूत करने में जुटी हैं और इन वर्कर्स के मामलों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मंत्री को इन वर्कर्स का दुख क्यों नहीं दिखता।

Recent Comments