

देहरादून। जनपद में अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना PMAJAY के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 124.94 लाख रुपये की जिला कार्ययोजना को जिलाधिकारी ने मंजूरी दे दी है। इसे अंतिम स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा गया है। योजना से जिले के 465 अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास का अवसर मिलेगा।
योजना के ग्रांट-इन-एड घटक के तहत 87.55 लाख रुपये की सब्सिडी 175 बेरोजगार अनुसूचित जाति के युवक-युवतियों को अपना व्यवसाय या स्वरोजगार शुरू करने के लिए दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
इसके साथ ही 290 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को बाजार की मांग के अनुसार रोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण प्रतिष्ठित और अधिकृत स्वैच्छिक संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा ताकि युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य SC वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और तय मानकों के आधार पर किया जाए, ताकि लाभ सीधे जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्ययोजना को जल्द केंद्र सरकार के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही पात्र युवाओं के चयन, प्रशिक्षण और अनुदान वितरण का काम तुरंत शुरू किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा जाए।

Recent Comments