

गोदियाल, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत की अगुवाई में निकला मार्च, गिरफ्तार होकर सुद्धोवाला जेल पहुंचे नेता, बाद में हुए रिहा
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय गेट तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नंदा की चौकी से मार्च करते हुए विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और मुख्य द्वार पर नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय का घेराव किया।
गोदियाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक को युवा हितों पर कुठाराघात बताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जिस तरह तकनीकी शिक्षा, नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जैसी परीक्षाओं में पेपर पूर्व में ही लीक हो रहे हैं, उससे परीक्षा एजेंसियों और भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की कमी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी और मामले की न्यायिक जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि नीट और तकनीकी शिक्षा परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों ने लाखों विद्यार्थियों व अभिभावकों का विश्वास गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने इसे केवल परीक्षा की गड़बड़ी नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि इस मुद्दे को विधानसभा से सड़क तक उठाया जाएगा।

डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जब परीक्षाओं की गोपनीयता ही सुरक्षित नहीं रहेगी तो प्रतिभाशाली छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि नीट, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा और अब तकनीकी परीक्षा सहित कई प्रकरणों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें हर साल सख्ती के दावे करती हैं, फिर भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया। इस दौरान “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक बंद करो” और “दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद पुलिस गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर सुद्धोवाला जेल ले गई, जहां थोड़ी देर बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री विजय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, महामंत्री गोदावरी थापली, सुरेन्द्र रांगड़, नवीन जोशी, विरेन्द्र पोखरियाल, अश्विनी बहुगुणा, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, मंजू त्रिपाठी, याकूब सिद्धिकी, महानगर अध्यक्ष डॉ0 जसविन्दर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, अजय सिंह, राजवीर चौहान, यशवंत सैनी, मोहन राणा, महेश प्रताप राणा, महेन्द्र सिंह नेगी, सागर मनवाल, सूरत सिंह नेगी, शीशपाल बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, राजीव कुमार, डॉ0 प्रदीप जोशी, बब्बन सती, अमरजीत सिंह, विजयप्रताप मल्ल, जगदीश धीमान, सुशील डोभाल, संजय कनौजिया, कद्दू, अल्पसंख्यक अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, एससी अध्यक्ष मदन लाल, महन्त विनय सारस्वत सहित पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Recent Comments