

देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने शातिर वाहन चोर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
01 सितंबर को वादी निखिल राघव निवासी वार्ड नंबर 5 आसनबाग हरबर्टपुर ने ई-एफआईआर दर्ज कराई कि सरस्वती डिजिटल सर्विसेज हरबर्टपुर के पास से उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूके-16-डी-7288 अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। इस पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 265/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और पूर्व में वाहन चोरी में प्रकाश में आए आरोपियों का सत्यापन किया।
इसी क्रम में 02 सितंबर को चेकिंग के दौरान रामपुर मंडी छतरी से ढालीपुर कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग से आरोपी इसरान पुत्र ताहिर निवासी ग्राम डबेडा कलां थाना चिलकाना, सहारनपुर, यूपी उम्र 30 वर्ष को चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने वाहन चोरी की थी। वह चोरी की बाइक के पार्ट्स निकालकर बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी पूर्व में थाना यमुना नगर सदर हरियाणा में मुकदमा अपराध संख्या 119/2025 धारा 303/317(2) बीएनएस में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी कुल्हाल उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्थवाल, कांस्टेबल नवीन कोहली, नरेश पंत, शिवा घिल्डियाल, नितिन और पीआरडी ऋतिक चौहान शामिल रहे।

Recent Comments