

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित खगोल भौतिकी तारामंडल में बुधवार को प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘ASTROCRAFT JUNIOR 1st’ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला IUCAA Centre for Astronomy Research and Development (ICARD) द्वारा विद्यार्थियों में खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के प्रति रुचि व जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के पब्लिक आउटरीच कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण पहल है और ‘एस्ट्रोक्राफ्ट जूनियर’ श्रृंखला का प्रथम कार्यक्रम है। इस श्रृंखला के अंतर्गत आगे प्राथमिक, जूनियर एवं हाई स्कूल स्तर के साथ-साथ स्नातक व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

कार्यशाला में प्रशिक्षक आशीष कांडपाल ने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से खगोल विज्ञान की मूलभूत अवधारणाएं सरल एवं रोचक ढंग से समझाईं। विद्यार्थियों ने तारामंडल में सीखने के अनुभव के साथ-साथ खगोल विज्ञान से संबंधित हस्तशिल्प गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उन्हें विज्ञान को रचनात्मक ढंग से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. टी.सी. उपाध्याय, ICARD संयोजक प्रो. हेमवती नंदन, डॉ. शुभ्रा काला, डॉ. संजय उपाध्याय, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. विवेक शर्मा एवं डॉ. आशीष बहुगुणा सहित विभाग के शोधार्थी उपस्थित रहे। संकाय सदस्यों व शोधार्थियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासा विकसित करना तथा उन्हें कक्षा से बाहर विज्ञान को समझने का मंच प्रदान करना है।

Recent Comments