बड़कोट पुलिस की मुस्तैदी: सिलक्यारा टनल निर्माण कंपनी से मोटर चुराने वाला 7 घंटे में गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

बड़कोट (उत्तरकाशी)। उत्तरकाशी की बड़कोट पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक घटना का महज 6 से 7 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने सिलक्यारा टनल का निर्माण कर रही ‘नवयुगा इंजीनियरिंग लिमिटेड’ कंपनी से चोरी हुई इलेक्ट्रॉनिक मोटर को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार (19 मई 2026) को नवयुगा इंजीनियरिंग लिमिटेड के कंपनी प्रबंधन द्वारा कोतवाली बड़कोट में एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर चोरी होने के संबंध में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर बड़कोट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तरकाशी की पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने मातहत अधिकारियों को चोरी का जल्द से जल्द अनावरण करने और आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक (DySP) बड़कोट, श्री चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा बड़कोट के प्रभारी निरीक्षक श्री सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धरातल पर सुरागरसी और पतारसी (खोजबीन) शुरू की। मुखबिरों और पारंपरिक पुलिसिंग का सटीक उपयोग करते हुए टीम ने घटना के मात्र 6 से 7 घंटे के भीतर ही मामले का पटाक्षेप कर दिया। पुलिस ने कंपनी की मोटर चुराने वाले आरोपी भीम सिंह (29 वर्ष) पुत्र धर्म सिंह, निवासी डण्डालगांव (बड़कोट, उत्तरकाशी) को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंपनी की 3-फेज इलेक्ट्रॉनिक मोटर भी सकुशल बरामद कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
कम समय में चोरी का खुलासा करने वाली इस पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह, मुख्य आरक्षी अनिल रावत, मुख्य आरक्षी बबलू खान और मुख्य आरक्षी राजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments