
देहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास देहरादून में प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाभार्थी नियोक्ताओं और कर्मचारियों को सम्मानित किया। देशभर में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर ₹2,400 करोड़ की राशि 15 लाख से अधिक युवाओं और श्रमिकों को वितरित की।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखंड में योजना के अंतर्गत 900 से अधिक नियोक्ताओं से जुड़े लगभग 6 हजार कर्मचारियों को ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई है। योजना के तहत पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15 हजार तक की एकमुश्त सहायता और रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को चार साल तक हर अतिरिक्त कर्मचारी पर ₹3 हजार प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत 2047 के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से इस योजना की शुरुआत कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की हैं। स्टार्टअप नीति, MSME नीति, लॉजिस्टिक नीति और सिंगल विंडो सिस्टम से उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बना है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है और साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। 2023 की ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में ₹1 लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं। काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज प्लास्टिक पार्क, पंतनगर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क और किच्छा स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप पर तेजी से काम चल रहा है।
सीएम धामी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ लें और सिर्फ अवसरों की प्रतीक्षा न करें, बल्कि खुद अवसर सृजित करें। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश के युवा परिश्रम और समर्पण से 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को साकार करेंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काउ, सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments