
पौड़ी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में DM स्वाति भदौरिया ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सही और अद्यतन दर्ज होना जरूरी है, इसके लिए SIR अभियान अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों से अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में बताया गया कि 8 जून 2026 से बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर गणना प्रपत्र बांट रहे हैं। भरे हुए प्रपत्र बीएलओ एप पर डिजिटाइज भी किए जा रहे हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित और पारदर्शी रहे।
DM स्वाति भदौरिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव सुने और कहा कि SIR की सफलता में दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि पात्र मतदाताओं को जागरुक करें और गणना प्रपत्र समय पर भरवाने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और मतदाताओं को अभियान के प्रति अधिक जागरुक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि SIR के जरिए निर्वाचक नामावली शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनेगी, जिससे आगामी चुनाव और मजबूत होंगे।
बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान, बीईओ मास्टर आदर्श, एनआईसी के डीआईओ मयंक शर्मा, एडीआईओ हेमंत काला, राजेंद्र सिंह राणा, सुरेन्द्र सिंह रावत, भरत सिंह रावत, हरीश उनियाल, सूरज नेगी सहित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Recent Comments