हरिद्वार : अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चला प्रशासन का पीला पंजा

टीबड़ी क्षेत्र में रेलवे की दस बीघा जमीन कब्जा मुक्त कराई

हरिद्वार ।  आगामी कांवड़ और कुंभ मेले की तैयारियों के बीच प्रशासन की टीम ने मंगलवार को हरिद्वार में रेलवे की दस बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया है। टीबड़ी क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी, सीओ सदर एसपी बलूनी के साथ रेलवे, जिला प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 50 से अधिक झुग्गी झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान टीम के साथ अतिक्रमणकारियों और टीम के साथ हल्की नोंकझोंक भी हुई। मंगलवार सुबह करीब दस बजे सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। यहां रेलवे लाइन के बराबर में करीब दस बीघा भूमि पर पचास से अधिक झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को पूर्व में नोटिस दिया गया था। कार्रवाई शुरू करने से पहले झुग्गियों में रह रहे लोगों को अपना सामान हटाने के लिए एक बार फिर से करीब दो घंटे का समय दिया गया। निर्धारित समय पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

लोगों ने विरोध जताया लेकिन, पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। कब्जाधारकों को कई बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक हादसा होने से टल गया। यहां जेसीबी ने जैसे ही एक झुग्गी को तोड़ा, तो अचानक पूरी झुग्गी गिर पड़ी और तीन से चार पुलिसकर्मी और रेलवे के कर्मचारी उनके नीचे दब गए। गनीमत रही कि झुग्गियां केवल बांस की बनी थी और वजन कम होने के कारण हादसा टल गया।

कांवड़ और कुंभ मेले से पहले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। टीबड़ी क्षेत्र में रेलवे की भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए पूर्व में नोटिस दिए गए थे। रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। संबंधित लोगों ने नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया। इसलिए पुलिस बल को साथ लेकर जेसीबी से झुग्गी झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई की गई है।   – हरि गिरी, सिटी मजिस्ट्रेट

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments