
पौड़ी, 25 जून 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण, समाधान और निस्तारण” के विजन को जमीन पर उतारते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने लगातार दूसरे दिन धुमाकोट, संगलिया और आसपास के दूरस्थ गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बाजार और चौपालों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, रोजगार व विकास कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट का निरीक्षण कर ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष, दवा भंडार, एएनसी सेवाएं और फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं देखीं। कमियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एक्सपायरी दवाओं का अलग रिकॉर्ड रखने, समय पर निस्तारण और स्टॉक रजिस्टर अपडेट करने के निर्देश दिए। औषधि प्रबंधन पोर्टल में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित फार्मासिस्ट के वेतन आहरण पर रोक लगाने को कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर हालत पर डीएम ने धुमाकोट और नैनीडांडा के अस्पतालों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण के लिए आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। महिला चिकित्साधिकारी के तबादले से पैदा हुई समस्या को देखते हुए नैनीडांडा से अस्थायी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

धुमाकोट बाजार में डीएम ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। व्यापारियों ने कूड़ा निस्तारण, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाए। इस पर डीएम ने कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्था बनाने, बीडीओ को बड़े कूड़ादान लगाने और नियमित उठान के निर्देश दिए।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय संगलिया में चौपाल के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने पेयजल, शिक्षा, खेल, कृषि और आजीविका से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीएम ने रिंगलाणा, तिमुलडुरा, कोचियार, कौला तल्ला और पलासी में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा कर स्कूलों-स्वास्थ्य केंद्रों में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। जल निगम की तकनीकी टीम की नियमित उपलब्धता के निर्देश दिए।
वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में तारबाड़ और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सेवायोजन व युवा कल्याण विभाग को समन्वित प्रयास के निर्देश दिए। कीवी उत्पादन से सफल स्वरोजगार करने वाले कुलदीप सिंह रावत को सम्मानित किया।
डीएम ने खेल मैदान के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव बनाने, किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों के लिए ई-केवाईसी शिविर लगाने, ग्रामसभा भवन को पुस्तकालय के रूप में विकसित करने, आपदा प्रभावित स्कूलों की मरम्मत, पीपली स्कूल में गैस सिलेंडर देने और संपर्क मार्गों पर जल निकासी सुधारने के निर्देश दिए।
पीरूल संग्रहण भुगतान के मुद्दे पर वन विभाग को फर्म को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महिला समूहों, किसानों और युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर प्राथमिकता से कार्रवाई होगी।

भ्रमण के दौरान डीएम ने ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी और जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी के साथ संगलिया बिचला में नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ भी किया। महिलाओं ने पहली बार किसी जिलाधिकारी के गांव तक पहुंचकर समस्या सुनने की सराहना की।
डीएम ने कहा कि प्रशासन का मकसद सिर्फ दफ्तरों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर समाधान करना है। अधिकारियों को चौपालों में मिली हर शिकायत पर तय समय में कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीडीओ मनविंदर कौर, डीएसटीओ राम सलोने, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय, ग्राम प्रधान नरेंद्र रावत समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Recent Comments