
हल्द्वानी । नैनीताल जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले का सपना देख रहे 2500 से ज्यादा बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। जिले के 371 स्कूलों में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी है।
पहले चरण में बाहर रह गए बच्चों के अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। आरटीई के तहत नाम आने की आस में कई अभिभावकों ने बच्चों का दाखिला किसी अन्य निजी स्कूल में भी नहीं कराया। अब बच्चे घर बैठने को मजबूर हैं।
जिले के 371 स्कूलों की 2,771 सीटों के लिए पहले चरण में रिकॉर्ड 4,936 आवेदन आए थे। इनमें से 2,280 सीटें आवंटित हो चुकी हैं। अब शेष 491 सीटों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया होनी है। पहले चरण से बाहर हुए करीब 2500 से अधिक बच्चों के अभिभावक बेसब्री से प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई हलचल नहीं है।
पिछले साल दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया 18 मई से शुरू हो गई थी। 26 जून तक लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर 1 से 8 जुलाई के बीच दाखिले भी करा दिए गए थे। इस बार जून बीतने को है, लेकिन शेड्यूल तक तय नहीं हो पाया है।
जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक) पुष्कर लाल टम्टा का कहना है कि शासन से प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। आदेश मिलते ही दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Recent Comments