सीएम धामी का संकल्प: चंपावत बनेगा उत्तराखंड का मॉडल जनपद

₹123.79 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाने का संकल्प दोहराते हुए ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण 8 योजनाओं का लोकार्पण और ₹96 करोड़ की 9 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने ₹349.98 लाख की लागत से निर्मित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया। इसके तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर जिम कॉर्बेट से संबंधित निर्माण और सुधारीकरण कार्य किए जा रहे हैं। सीएम ने बस स्टेशन रोडवेज में बनने वाले सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।

कार्यक्रम में सीएम ने मंदिरों के पुजारी, अर्धसैनिक बल, युवा, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल, ढाबा संचालक, स्वच्छाग्रही, शिक्षक, उद्यमी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मी, बार एसोसिएशन, प्रबुद्धजन और मीडियाकर्मियों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चंपावत विकसित करना है जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर तथा प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिले।

सीएम ने बताया कि चंपावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण होगा, जिससे पार्किंग की समस्या खत्म होगी और स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी। महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम भी विकसित किए जा रहे हैं।

बेटियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं देने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर बनाया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं का विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों की आय बढ़ाने पर काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकास भी और विरासत भी” मंत्र के तहत मानसखंड मंदिर माला मिशन से माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर एवं माँ वाराही धाम का विकास हो रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर बन रहा है। लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक एवं पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना भी प्रगति पर है।

सीएम ने कहा कि ये परियोजनाएं विकसित चंपावत की मजबूत नींव हैं। ये युवाओं के सपनों को नई उड़ान, महिलाओं को नई शक्ति, किसानों को समृद्धि, व्यापार को गति तथा पर्यटन को नई पहचान देंगी। आने वाले वर्षों में चंपावत समावेशी व सतत विकास का आदर्श मॉडल बनेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, सीडीओ जी.एस. खाती समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments