
हरिद्वार । आगामी मानसून के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां एवं व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून में किसी भी क्षेत्र में जलभराव न हो। इसके लिए नगर निगम, नगर पालिका, एनएचएआई, लोनिवि, पीएमजीएसवाई समेत सभी विभाग अपने क्षेत्रों में नालों, नालियों और कलमठों की सफाई समय पर सुनिश्चित करें।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को जर्जर विद्यालय भवनों का तत्काल चिन्हांकन कर वहां पठन-पाठन बंद करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, जर्जर भवनों में किसी भी दशा में पढ़ाई न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के लिए खाद्य सामग्री के पैकेट अग्रिम रूप से तैयार रखने और सिंचाई विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने सभी अधिकारियों को मानसून में पूर्ण सतर्कता बरतने और आपदा की सूचना पर आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि जन-धन की हानि न्यूनतम हो।
बैठक में एडीएम जितेंद्र कुमार, एडीएम वैभव गुप्ता, पीडी नलिनीत घिल्डियाल, डीईओ अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments