
1 अगस्त को राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह, 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो — संसद घेराव’ का ऐलान
देहरादून। देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान का बिगुल फूंक दिया है। देश के 28 प्रमुख शहरों में छेड़े गए इस अभियान में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून भी शामिल है। प्रथम चरण में 40 दिनों तक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चयनित 50 सदस्यों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आगामी 40 दिनों की विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन हुआ। देहरादून अभियान की कमान पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा भुल्लर को सौंपी गई है, जबकि राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशिक्षण सत्र में राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने कोटा में राहुल गांधी द्वारा युवाओं के साथ किए गए संवाद का सार रखते हुए कहा कि आज देश का सबसे बड़ा संकट केवल बेरोजगारी नहीं, बल्कि युवाओं का व्यवस्था पर से उठता विश्वास है। पेपर लीक होने और परीक्षाएं निरस्त होने पर केवल एक परीक्षा नहीं, लाखों सपने टूटते हैं।
बैठक में आकांक्षा और रिया कुमारी थापा जैसी दर्दनाक घटनाओं को शिक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बताया गया। कहा गया कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार ने युवाओं की मेहनत का मजाक बना दिया है और शिक्षा आज सेवा नहीं, वसूली का माध्यम बनती जा रही है।

अभियान की रणनीति के तहत कॉर्नर मीटिंग, घर-घर पंपलेट वितरण, कॉलेजों में युवा संवाद, संविधान संवाद, कवि सम्मेलन, मुशायरा तथा सप्ताहांत में बड़े युवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 जून को 28 शहरों में राष्ट्रव्यापी प्रेस वार्ता हो चुकी है। आगे 1 अगस्त को राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो — संसद घेराव’ कार्यक्रम निर्धारित है, जिसमें देशभर से युवा एवं छात्र बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
प्रशिक्षण सत्र के अंत में ज्योति रौतेला ने सभी प्रतिभागियों का आह्वान किया कि आगामी कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। सत्र में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, देहरादून पछुआदून जिलाध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी, परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित एक्शन टीम के 50 सदस्य उपस्थित रहे।

Recent Comments